उत्तराखंड

चारधाम यात्रा 2026 को लेकर प्रशासन ने अभी से तैयारियों को गति दे दी

उत्तराखंड की आस्था और पहचान की धुरी मानी जाने वाली चारधाम यात्रा 2026 को लेकर प्रशासन ने अभी से तैयारियों को गति दे दी है। भले ही यात्रा के कपाट खुलने की तिथियों की औपचारिक घोषणा अभी नहीं हुई है, लेकिन सरकार और प्रशासन किसी भी प्रकार की चूक के मूड में नजर नहीं आ रहा।
इसी क्रम में ऋषिकेश स्थित ट्रांजिट कैंप में चारधाम यात्रा 2026 को लेकर पहली उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता गढ़वाल आयुक्त विनय शंकर पांडेय और आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप ने संयुक्त रूप से की। इस अहम बैठक में चारधाम यात्रा से जुड़े सभी जिलों के जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक और विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक का मुख्य फोकस पिछली यात्राओं से मिले अनुभवों पर रहा, ताकि बीते वर्षों में सामने आई अव्यवस्थाओं को इस बार दोहराया न जाए। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जहां पिछली यात्रा में व्यवस्थाएं बेहतर रहीं, उन्हें और मजबूत किया जाएगा, जबकि जिन बिंदुओं पर कमियां सामने आई थीं, उन्हें सुधार की प्राथमिक सूची में शामिल किया गया है।
बैठक में यात्रा मार्गों की स्थिति, सड़कों और पुलों की मरम्मत, स्वास्थ्य सेवाएं, एंबुलेंस नेटवर्क, पेयजल व्यवस्था, शौचालय, पार्किंग और भीड़ नियंत्रण जैसे अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही आपदा संभावित क्षेत्रों में विशेष तैयारी, आपात परिस्थितियों में त्वरित रिस्पॉन्स सिस्टम और यात्रियों की सुरक्षा को लेकर ठोस रणनीति बनाने पर जोर दिया गया।
प्रशासन का संदेश साफ है कि चारधाम यात्रा 2026 में किसी भी स्तर पर अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी। श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यात्रा उपलब्ध कराने के लिए हर विभाग की जिम्मेदारी तय की जाएगी और लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *